Rajnath Singh: केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार (16 जुलाई) को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्वस्तर पर भारत का कद बढ़ गया है. उन्होंने कहा कि पहले भारत की बातों को गंभीरता से नहीं लिया जाता था, लेकिन आज जब भारत कुछ कहता है तो पूरी दुनिया उसको सुनती है. उन्होंने कहा कि आज देश की प्रतिष्ठा कितनी बढ़ी है, उसका अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री पीएम मोदी को बॉस कहकर बुलाते हैं और अमेरिकी राष्ट्रपति भी यह मानते हैं कि पीएम मोदी विश्वस्तर पर एक ताकतवर नेता हैं और वह उनका ऑटोग्राफ लेने की भी इच्छा जता चुके हैं.

वह लखनऊ के तीन दिवसीय दौरे पर हैं. इस दौरान, उन्होंने एक कार्यक्रम में कहा कि जब हमारे प्रधानमंत्री दूसरे देशों की यात्रा पर जाते हैं, तो आपको टीवी पर देखना चाहिए कि उनका वहां कितनी गर्मजोशी के साथ स्वागत किया जाता है. राजनाथ ने कहा कि पीएम मोदी को मुस्लिम देशों में भी उतना ही सम्मान मिलता है. उन्होंने प्रधानमंत्री के पपुआ न्यू गिनिया के दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि वहां के पीएम भी मोदी जी के पैर छूने के लिए आगे आए थे, जो हर भारतीय के लिए सम्मान की बात है.

आज भारत विश्व में 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था
उन्होंने आगे कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में दुनिया में भारत की प्रतिष्ठा बहुत बढ़ी है और आज जिस तरह देश को सुना जाता है, पहले वैसा नहीं था. पहले इंटरनेशनल फॉरम्स भारत की बातों को गंभीरता से नहीं लेते थे, लेकिन आज जब भारत कुछ बोलता है तो पूरी दुनिया ध्यान से सुनती है. सिंह ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही है 2013-14 में भारत 11वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था थी, लेकिन आज विश्व में यह पांचवें नंबर पर है.

40 करोड़ रुपय की लागत से बनाए जाएंगे ओल्ड एज सेंटर
इस दौरान, राजनाथ ने यह भी बताया कि ब्रह्मोस मिसाइल का लखनऊ में निर्माण किया जाएगा और इससे बड़े स्तर पर रोजगार बढ़ेगा. इसके अलावा, मिसाइल ले जाने के लिए विशेष रेलवे ट्रैक भी तैयार किए जाएंगे. उन्होंने बताया कि लखनऊ में 100 जिम पार्क बनाए गए हैं और सरकार का प्लान 500 ओपन जिम बनाने का है. इसके साथ ही यहां 40 करोड़ रुपये की लागत के साथ कम्युनिटी-कम-ओल्ड एज केयर सेटर भी बनाए जाएंगे.

यह भी पढ़ें:

Opposition Meet: 2024 में बीजेपी को घेरने के लिए आज से दो दिनों का मंथन, जानें विपक्ष की बैठक में किन मुद्दों पर होगी बात