Chandrayaan-3 Moon Landing Live Updates: आज चांद पर हिंदुस्तान तिरंगा फहराने जा रहा है. पूरी दुनिया की नजर भारत के चंद्रयान-3 मिशन पर है. इतिहास रचने से भारत कुछ घंटे ही दूर है. भारत के मून मिशन चंद्रयान 3 के शाम 6 बजकर 4 मिनट पर चंद्रमा के साउथ पोलर हिस्से में लैंडिंग की उम्मीद है. ये उम्मीद इसलिए भी परवान चढ़ रही है क्योंकि मून मिशन पर अपडेट देते हुए इसरो ने कहा है कि चंद्रयान 3 मिशन तय समय पर चल रहा है.

मिशन चंद्रयान 3 विज्ञान के क्षेत्र में भारत की बढ़ती ताकत की नुमाइश है और इस नुमाइश को सफल बनाने के लिए देशवासियों ने मंदिर से लेकर दरगाहों में कामना की है. 23 अगस्त की ये तारीख अंतरिक्ष में नए भारत के आगाज की कहानी है जो शाम 6 बजकर 4 मिनट पर चंद्रयान 3 की सुरक्षित लैंडिंग पर टिकी है. चंद्रयान 3 की इसी सफलता के लिए देश में दुआओं का दौर जारी है. मंदिर ही नहीं दरगाहों में भी चंद्रयान 3 मिशन के लिए मन्नतें मांगी जा रही है. एक तस्वीर में अजमेर की दरगाह हज़रत ख्वाजा गरीब नवाज़ मुस्लिम धर्म गुरू चंद्रयान 3 की सफल लैंडिंग के लिए इबादत करते नजर आए.

ब्रिटेन से अमेरिका तक शुभकामनाओं की गूंज
मिशन चंद्रयान 3 की चर्चा सिर्फ देश ही नहीं विदेश में हो रही है. ब्रिटेन से लेकर अमेरिका तक में चंद्रयान के लिए शुभकामनाओं की गूंज तेज हो रही है. लंदन में भारतीय छात्रों ने उद्य शक्ति माता मंदिर में चंद्रयान 3 की सफलता के लिए पूजा की. वहीं अमेरिका के वर्जीनिया में चंद्रयान 3 के लिए भारतीय मूल के अमेरिकी लोगों ने हवन कराया.

यूनाइटेड किंगडम में मौजूद भारतीय उच्चायुक्त ने भी इस मौके को ऐतिहासिक बताया है. वहीं पड़ोसी मुल्क श्रीलंका के भारत में मौजूद उच्चायुक्त ने भी चंद्रयान मिशन को गौरव का क्षण बताया है.

साल 2019 में आखिरी 15 मिनट में ही भारत के चंद्रयान मिशन को झटका लगा था ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि चंद्रयान 3 इस बार 15 मिनट्स ऑफ टेरर को पार कर नया इतिहास लिख देगा.